टी-20 वर्ल्डकप फाइनल में भारतीय गेंदबाज अर्शदीप पर लगा जुर्माना, न्यूजीलैंड के खिलाड़ी मिचेल के साथ गुस्से में की थी ये हरकत, जानकर आप कहेंगे- ओएमजी
- Shiv Kumar
- 11 Mar, 2026
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के बाद भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल की ओर गेंद फेंकने की घटना के बाद आईसीसी ने उन पर जुर्माना लगाया है। मंगलवार को जारी बयान में बताया गया कि अर्शदीप सिंह की मैच फीस का 15 प्रतिशत काटा गया है और उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। यह घटना फाइनल मुकाबले के दौरान हुई थी, जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खिताबी मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान अर्शदीप सिंह ने गुस्से में आकर गेंद बल्लेबाज की दिशा में फेंक दी थी। बाद में इसे आचार संहिता के उल्लंघन के रूप में देखा गया और मामले की समीक्षा के बाद उन पर यह कार्रवाई की गई।
मैच के दौरान बल्लेबाज को लगी गेंद
मुकाबले में न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर के दौरान यह घटना हुई। अर्शदीप सिंह ने अपने फॉलो थ्रू में गेंद को फील्ड करने के बाद उसे वापस फेंका, जो सीधे बल्लेबाज डेरिल मिचेल को लग गई। बताया गया कि गेंद उनके पैड्स और कोहनी के पास लगी थी। इस घटना को आईसीसी की आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन माना गया। इस नियम के अनुसार मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या किसी अन्य उपकरण को फेंकना नियमों के खिलाफ माना जाता है। इसी आधार पर अर्शदीप सिंह पर जुर्माना लगाया गया।
अर्शदीप ने स्वीकार की सजा
मैदान पर मौजूद अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ, थर्ड अंपायर अलाउद्दीन पलेकर और फोर्थ अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने इस मामले में आरोप लगाए थे। इसके बाद मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने सजा का प्रस्ताव रखा। अर्शदीप सिंह ने प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। साथ ही उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला मामला है।
भारत ने लगातार दूसरी बार जीता खिताब
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना। इसके साथ ही भारतीय टीम तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था। अहमदाबाद में मिली इस जीत के साथ टीम ने पहली बार अपने घरेलू मैदान पर भी टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी हासिल की।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






