हार्दिक पांड्या के खिलाफ शिकायत, तिरंगे के अपमान का आरोप, वर्ल्ड कप जीत के बाद मैदान में जश्न मनाते हुए ओढ़ा था तिरंगा
- Shiv Kumar
- 12 Mar, 2026
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के खिलाफ तिरंगे के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत बेंगलुरु में पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद जश्न के दौरान पंड्या ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का ध्यान नहीं रखा। बताया गया है कि टीम इंडिया की जीत के बाद मैदान पर जश्न के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके आधार पर यह शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग के दौरान निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले को लेकर आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
वायरल वीडियो के आधार पर लगाया गया आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद अहमदाबाद में टीम इंडिया के खिलाड़ी मैदान पर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए। इनमें से एक वीडियो में हार्दिक पंड्या अपने कंधे पर तिरंगा ओढ़कर मैदान पर दौड़ते और नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि जश्न के दौरान वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए भी दिखे और उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह तिरंगे को ओढ़कर मंच पर लेटना राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ माना जा सकता है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दी है।
राष्ट्रीय ध्वज कानून का दिया हवाला
वकील वाजिद खान बिडकर ने शिकायत में “राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971” का हवाला दिया है। उनके मुताबिक इस कानून के तहत राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना अनिवार्य है। कानून के अनुसार तिरंगे को जमीन पर गिरने देना, अनुचित तरीके से पहनना या किसी भी तरह उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना दंडनीय माना जाता है। वकील का कहना है कि जश्न के दौरान इन नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दी गई है। शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि शिकायतकर्ता के तर्क के बाद पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी कॉपी भी दे दी।
न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने जीता खिताब
टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 96 रन से हराकर खिताब जीता था। यह भारत का तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप खिताब बताया जा रहा है। भारत इससे पहले 2007 और 2024 में भी यह ट्रॉफी जीत चुका है। खास बात यह भी रही कि पहली बार किसी टीम ने अपने ही देश में टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






