IPL 2026: आज चेपॉक में चेन्नई के साथ भिड़ेगी पंजाब की टीम, स्टेडियम में पिछले तीनों मैच जीती पंजाब किंग्स, आज भी धोनी के बगैर होगा मैच

top-news
चेन्नई और पंजाब के बीच आज आईपीएल का अहम मुकाबला चेपॉक में खेला जाएगा। पंजाब जीत की लय बनाए रखना चाहेगी, जबकि चेन्नई हार के बाद वापसी की कोशिश में है। पिच स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जा रही है।

आईपीएल के इस सीजन का 7वां मुकाबला आज चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पंजाब अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी, वहीं चेन्नई पिछली हार के बाद वापसी की कोशिश में होगी। खास बात यह है कि चेन्नई आज भी अपने अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस के बिना मैदान में उतरेगी, जो चोट के कारण बाहर हैं।


पिछले रिकॉर्ड में पंजाब का पलड़ा भारी

चेन्नई और पंजाब के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं। अब तक दोनों टीमें 33 बार आमने-सामने आई हैं, जिसमें चेन्नई ने 17 और पंजाब ने 15 मुकाबले जीते हैं। एक मैच टाई रहा था, जिसे सुपर ओवर में पंजाब ने अपने नाम किया था। अगर हालिया रिकॉर्ड देखें तो पंजाब का पलड़ा भारी नजर आता है, क्योंकि पिछले सीजन के दोनों मुकाबलों में पंजाब ने चेन्नई को हराया था। चेपॉक में भी आंकड़े दिलचस्प हैं, जहां 9 मैचों में पंजाब ने 5 और चेन्नई ने 4 मुकाबले जीते हैं। खास बात यह है कि यहां खेले गए पिछले तीनों मैच पंजाब ने ही जीते हैं।


पंजाब की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत

पंजाब किंग्स इस सीजन शानदार फॉर्म में दिख रही है। टीम को कूपर कोनोली के रूप में एक भरोसेमंद बल्लेबाज मिल गया है, जिन्होंने पिछले मैच में अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। इसके अलावा गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने शानदार प्रदर्शन किया और मिडिल ओवर्स में रनों पर लगाम लगाई। तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाख ने भी उनका अच्छा साथ दिया। कुल मिलाकर पंजाब की टीम बैलेंस नजर आ रही है और हर विभाग में मजबूती दिखा रही है।


चेन्नई के सामने वापसी की चुनौती

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सीजन की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पिछले मैच में टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा और बल्लेबाजी बिखर गई। गेंदबाजी में भी मैट हेनरी और नूर अहमद जैसे गेंदबाज ज्यादा असर नहीं छोड़ पाए। अब टीम को वापसी के लिए हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। हालांकि चेपॉक की पिच चेन्नई के लिए फायदेमंद मानी जाती है, जहां स्पिनर्स को मदद मिलती है और बल्लेबाजी आसान नहीं होती। अगर चेन्नई इस कंडीशन का फायदा उठाती है, तो मुकाबला रोमांचक हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *