भुवनेश्वर कुमार ने की मलिंगा और बुमराह की बराबरी, IPL के एक सीजन में चौथी बार कर दिया ये बड़ा कमाल

top-news
आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 4 विकेट लेकर आईपीएल इतिहास में जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा की बराबरी कर ली। साथ ही उन्होंने फिर से पर्पल कैप पर कब्जा जमा लिया।

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को रोमांचक मैच में आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हरा दिया। इस जीत में आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और मुंबई इंडियंस को 166 रन के स्कोर पर रोकने में बड़ी भूमिका निभाई। भुवनेश्वर कुमार के इस प्रदर्शन ने उन्हें आईपीएल इतिहास की खास सूची में पहुंचा दिया है। उन्होंने चौथी बार आईपीएल के एक सीजन में 20 या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है। इसके साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा की बराबरी कर ली है। आईपीएल इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा बार एक सीजन में 20+ विकेट लेने का रिकॉर्ड युजवेंद्र चहल के नाम है, जिन्होंने यह उपलब्धि 5 बार हासिल की है।


आईपीएल में लगातार दिख रहा भुवी का जलवा

भुवनेश्वर कुमार ने इस मुकाबले के बाद आईपीएल 2026 में अपने विकेटों की संख्या 21 तक पहुंचा दी है। उन्होंने अब तक 11 मैचों में 15.28 की औसत और 7.46 की इकॉनमी से विकेट हासिल किए हैं। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और डेथ ओवरों की गेंदबाजी इस सीजन आरसीबी की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है। आरसीबी की टीम इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रही है और भुवनेश्वर का अनुभव टीम के लिए लगातार फायदेमंद साबित हो रहा है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने शुरुआती और डेथ ओवरों में विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।


पर्पल कैप पर फिर जमाया कब्जा

इस शानदार प्रदर्शन के साथ भुवनेश्वर कुमार ने एक बार फिर पर्पल कैप अपने नाम कर ली है। विकेटों की दौड़ में अब वह सबसे आगे पहुंच गए हैं। वहीं दूसरे स्थान पर अंशुल कंबोज हैं, जिन्होंने इस सीजन अब तक 19 विकेट लिए हैं। आईपीएल 2026 में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है, लेकिन भुवनेश्वर कुमार लगातार अपने प्रदर्शन से साबित कर रहे हैं कि अनुभव अब भी टी-20 क्रिकेट में बड़ा फर्क पैदा करता है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *