ग्रेटर नोएडा में पहली बार होगी बिग क्रिकेट लीग, 3 जून से शुरू होगा टूर्नामेंट, खेलेंगे धवन-गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ी

top-news
ग्रेटर नोएडा में पहली बार बिग क्रिकेट लीग का आयोजन 3 से 13 जून तक होगा। टूर्नामेंट में शिखर धवन, क्रिस गेल और हरभजन सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा।

ग्रेटर नोएडा पहली बार बिग क्रिकेट लीग की मेजबानी करने जा रहा है। टूर्नामेंट का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में 3 जून से 13 जून तक होगा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारे मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करते नजर आएंगे। टूर्नामेंट में शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रोस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी मैचों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा और पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।


18 मुकाबले खेलेंगी छह टीमें

बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि EaseMyTrip के सहयोग से आयोजित इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 फॉर्मेट में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। मौजूदा चैंपियन मुंबई मरींस टीम है।

इस लीग की खास बात यह है कि देशभर से चुने गए 60 शौकिया क्रिकेटरों को इन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा। इनके साथ पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी टूर्नामेंट का हिस्सा बनेंगे। भारत में मैचों का लाइव प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स पर होगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध रहेगी।


25 देशों में होगा लाइव प्रसारण

बिग क्रिकेट लीग के लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि लीग का मकसद युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना और उन्हें क्रिकेट के दिग्गजों के साथ खेलने का अवसर उपलब्ध कराना है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं। टूर्नामेंट का प्रसारण 25 से अधिक देशों में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *