क्या राजस्थान को फाइनल में पहुंचा पाएंगे सूर्यवंशी? गुजरात की मजबूत गेंदबाजी के सामने आज बड़ी चुनौती

top-news
IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल में पहुंचने की जंग होगी। सभी की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जबकि गुजरात अपनी मजबूत गेंदबाजी के दम पर राजस्थान को रोकने की कोशिश करेगी।

नई दिल्ली। IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच फाइनल का टिकट हासिल करने की जंग होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। इस बड़े मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी, जिन्होंने एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी 97 रन बनाकर सभी को हैरान कर दिया था। उस पारी में उन्होंने 12 छक्के लगाए थे और अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया था। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सूर्यवंशी गुजरात की मजबूत गेंदबाजी के सामने भी वैसा ही कमाल दिखा पाएंगे। दूसरी ओर गुजरात के पास कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं, जो इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। ऐसे में मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।


सूर्यवंशी की फॉर्म राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत

राजस्थान रॉयल्स इस समय काफी हद तक वैभव सूर्यवंशी और जोफ्रा आर्चर के प्रदर्शन पर निर्भर दिखाई दे रही है। वैभव इस सीजन 680 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनकी बल्लेबाजी की खास बात यह रही है कि वह शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हैं। पिछले पांच मैचों में उन्होंने दो अर्धशतक लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 250 से ज्यादा रहा है। गुजरात के खिलाफ भी उनका रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने अब तक गुजरात के खिलाफ खेले तीन मुकाबलों में 233.33 के स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं। हालांकि गुजरात के गेंदबाजों ने उन्हें परेशान भी किया है। मोहम्मद सिराज, राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा उन्हें एक-एक बार आउट कर चुके हैं। राजस्थान के लिए चिंता की बात यह है कि टीम का मिडिल ऑर्डर डेथ ओवरों में लगातार दबाव में दिखाई दिया है। कप्तान रियान पराग भी मान चुके हैं कि टीम को अंतिम ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी।


गुजरात की गेंदबाजी सबसे मजबूत हथियार

गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी ताकत उसकी गेंदबाजी मानी जा रही है। टीम के पांच गेंदबाज इस सीजन 15 या उससे ज्यादा विकेट ले चुके हैं। कगिसो रबाडा 26 विकेट के साथ शानदार लय में हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद से लगातार विकेट निकाल रहे हैं। राशिद खान मिडिल ओवरों में बल्लेबाजों को बांधने का काम कर रहे हैं। हालांकि क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुजरात की गेंदबाजी बिखर गई थी और टीम को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में गुजरात इस मैच में वापसी करने के इरादे से उतरेगी। बल्लेबाजी में टीम काफी हद तक शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर निर्भर है। साई सुदर्शन के पास इस मैच में बड़ी पारी खेलकर ऑरेंज कैप अपने नाम करने का मौका भी होगा।


बारिश बन सकती है बड़ा फैक्टर

मुल्लांपुर की पिच को बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां पिछले चार मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन बने हैं। हालांकि हाल ही में तेज गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिली थी। ऐसे में शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है। मौसम भी इस मैच में बड़ा रोल निभा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक चंडीगढ़ और मोहाली में 60 से 70 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो पॉइंट्स टेबल में ऊपर रहने के कारण गुजरात टाइटंस सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे भी नहीं रखा गया है, जिससे राजस्थान पर दबाव और बढ़ गया है। क्रिकेट फैंस को अब इस हाईवोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *