भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सौंपा नियुक्ति पत्र
- Shiv Kumar
- 24 Jul, 2026
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 24 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में दोनों खिलाड़ियों को 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में एथलीट पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
19 खिलाड़ियों को मिले नियुक्ति पत्र, खिलाड़ियों को मिला सम्मान
समारोह में कुल 19 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पांच पैरा खिलाड़ी और अलग-अलग खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी शामिल रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और सम्मान राशि भी वितरित की। बिहार सरकार के अनुसार, पिछले दो वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 180 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि
एशियाई अंडर-23 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतने वाली एथलीट सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। वहीं एथलीट विभास्कर कुमार को भी दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। बिहार सरकार का कहना है कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रोत्साहन दिया जाएगा।
टीम इंडिया में वापसी पर टिकी निगाहें
आकाश दीप और मुकेश कुमार फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। आकाश दीप आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल होने के कारण पूरे सीजन से बाहर रहे थे और अब उनकी वापसी का इंतजार है। वहीं मुकेश कुमार ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। दोनों खिलाड़ी अब घरेलू और आगामी प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर टीम इंडिया में वापसी की कोशिश करेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






