वैभव सूर्यवंशी ने ICC टी-20 रैंकिंग में मचाया धमाल, 230 स्थान की छलांग लगाकर टॉप-50 में बनाई जगह, शुभमन गिल बने नंबर-1
- Shiv Kumar
- 29 Jul, 2026
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट के लिए कई अच्छी खबरें सामने आई हैं। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में 230 स्थान की शानदार छलांग लगाकर पहली बार टॉप-50 में जगह बनाई है। वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर वनडे क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कायम हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने पहली बार बनाई टॉप-50 में जगह
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार प्रदर्शन का इनाम रैंकिंग में बड़ी छलांग के रूप में पाया है। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल बल्लेबाजों की रैंकिंग में 230 स्थान की बढ़त हासिल करते हुए 536 रेटिंग अंकों के साथ 48वां स्थान हासिल किया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में सूर्यवंशी ने 50.33 की औसत से 151 रन बनाए थे और दो अर्धशतक जड़े थे। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
ईशान किशन बने नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज
टी-20 बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग में ईशान किशन 910 रेटिंग अंकों के साथ दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बने हुए हैं। हालांकि तीसरे टी-20 में 29 रन बनाने के कारण उनके छह रेटिंग अंक कम हुए हैं। इससे पहले दूसरे मुकाबले के बाद उन्होंने 916 रेटिंग अंक हासिल कर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग दर्ज की थी। इसी के साथ उन्होंने विराट कोहली के 909 और सूर्यकुमार यादव के 912 रेटिंग अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
वनडे में शुभमन गिल फिर बने नंबर-1 बल्लेबाज
वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड सीरीज के बाद न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के मैच नहीं खेलने का फायदा गिल को मिला और वह फिर से नंबर-1 बल्लेबाज बन गए। भारतीय बल्लेबाजों का वनडे रैंकिंग में दबदबा कायम है। विराट कोहली दूसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर मौजूद हैं।
बुमराह टेस्ट में नंबर-1, वरुण टी-20 टॉप-10 में शामिल
टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज बने हुए हैं। वहीं टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में अफगानिस्तान के राशिद खान पहले स्थान पर हैं। पाकिस्तान के अबरार अहमद दूसरे और इंग्लैंड के आदिल राशिद तीसरे नंबर पर हैं। भारतीय गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती टॉप-10 में जगह बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। वहीं वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने टेस्ट रैंकिंग में 21 स्थान की छलांग लगाई है और पाकिस्तान के बाबर आजम बल्लेबाजों की सूची में चार स्थान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






