'जना नायकन' के तीसरे दिन के कलेक्शन ने सबको चौंकाया, क्या थलापति विजय की आखिरी फिल्म रचेगी नया इतिहास?
- Shiv Kumar
- 26 Jul, 2026
तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय उर्फ थलापति विजय की बहुचर्चित फिल्म 'जना नायकन' बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है। लंबे इंतजार के बाद 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को पहले दिन से ही दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। शुरुआत में सेंसर क्लीयरेंस में देरी के कारण फिल्म की रिलीज करीब सात महीने टल गई थी, लेकिन रिलीज के बाद फिल्म ने पहले ही दिन शानदार कमाई कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी।
तीन दिनों में 92.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन
'जना नायकन' ने रिलीज के पहले दिन 42.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। दूसरे दिन फिल्म की कमाई घटकर 21.15 करोड़ रुपये रह गई, लेकिन वीकेंड की शुरुआत के साथ फिल्म ने फिर रफ्तार पकड़ ली। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, तीसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने 28.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही तीन दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 92.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब फिल्म 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने से केवल 7.65 करोड़ रुपये दूर है।
विदेशों में भी मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
घरेलू बाजार के अलावा ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर भी 'जना नायकन' को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने विदेशी बाजार में अब तक 63.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 171.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। थिएटर ऑक्यूपेंसी की बात करें तो शनिवार को फिल्म की औसत ऑक्यूपेंसी 37.2 प्रतिशत रही। इससे पहले शुक्रवार को 29.5 प्रतिशत और गुरुवार को 41.6 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई थी।
रिलीज के बाद फैंस में दिखा जबरदस्त उत्साह
फिल्म की रिलीज का इंतजार विजय के प्रशंसक लंबे समय से कर रहे थे। रिलीज के बाद अभिनेत्री तृषा कृष्णन ने भी अपने दोस्तों के साथ फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखा और सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर फिल्म की रिलीज पर खुशी जाहिर की। शुरुआती तीन दिनों के प्रदर्शन को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म जल्द ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






