हार्ट अटैक से बचना है तो न करें ये गलती, आपकी ये एक गलती बना सकती है बीमार
- Shiv Kumar
- 19 Jan, 2026
जब तक दिल धड़कता है, जिंदगी चलती रहती है, लेकिन जैसे ही दिल ने साथ छोड़ा, हालात संभालना मुश्किल हो जाता है। दिल शरीर का सबसे अहम अंग है, जो खून को पंप कर पूरे शरीर तक ऑक्सीजन और पोषण पहुंचाता है। अच्छी डाइट, पूरी नींद और तनावमुक्त जीवन जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है फिजिकल एक्टिव रहना। लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में एक आदत ऐसी है, जो चुपचाप दिल को कमजोर कर रही है। हार्ट एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह आदत दिल की सबसे बड़ी दुश्मन बन चुकी है और समय रहते इससे दूरी नहीं बनाई गई तो गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
इनएक्टिव लाइफस्टाइल से सबसे ज्यादा खतरा
अमेरिका के जाने-माने हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. जेरेमी लंदन ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में चेतावनी दी है कि इनएक्टिव लाइफस्टाइल यानी शारीरिक गतिविधि की कमी दिल के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक बिना किसी एक्सरसाइज या मूवमेंट के जीवन जीना हार्ट की ताकत को तेजी से कमजोर करता है। आज ज्यादातर लोग घंटों कुर्सी पर बैठे रहते हैं, न चलना, न व्यायाम करना, जिसका सीधा असर दिल पर पड़ता है। धीरे-धीरे हार्ट की पंपिंग क्षमता घटने लगती है और हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ जाता है।
दिल भी मांसपेशी है, इस्तेमाल न किया तो कमजोर होगा
डॉ. जेरेमी लंदन के मुताबिक हार्ट भी शरीर की बाकी मांसपेशियों की तरह ही काम करता है। अगर इसका नियमित इस्तेमाल नहीं किया गया तो इसकी ताकत कम हो जाती है। उन्होंने बताया कि ज्यादा समय तक बिस्तर पर आराम करने या पूरी तरह गतिहीन रहने से भी दिल की कार्यक्षमता घट सकती है। जब आप व्यायाम करते हैं, तो दिल को मजबूत बनने के संकेत मिलते हैं। इससे उसकी पंपिंग क्षमता बढ़ती है और वह ज्यादा प्रभावी तरीके से काम करता है। एक्सरसाइज न करने से दिल की मांसपेशियां कमजोर होती जाती हैं, जो आगे चलकर हार्ट अटैक और हार्ट फेल्योर जैसी गंभीर समस्याओं की वजह बन सकती हैं।
मजबूत हार्ट, बेहतर सेहत और लंबी उम्र
एक हेल्दी और मजबूत हार्ट न सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर बनाता है, बल्कि किसी सर्जरी या बीमारी के बाद रिकवरी को भी आसान करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि हाई इंटेंसिटी वर्कआउट या नियमित फिजिकल एक्टिविटी से हार्ट हेल्थ में तेजी से सुधार होता है। जब आप खुद को एक्सरसाइज के जरिए चुनौती देते हैं, तो दिल ज्यादा कुशल और मजबूत बनता है। इससे बीमारियों का खतरा कम होता है और उम्र बढ़ने की संभावना भी बढ़ती है। इसलिए दिल को हेल्दी रखना है तो रोजाना वॉक, योग, रनिंग या कोई भी शारीरिक गतिविधि जरूर अपनाएं और इनएक्टिव लाइफस्टाइल से दूरी बनाएं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






