शराब का लिवर पर खतरनाक असर, शरीर के इन तीन संकेतों को न करें नजरअंदाज

top-news
ज्यादा शराब पीने से लिवर को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। डॉक्टरों के अनुसार सुबह थकान, पेट की समस्या और नींद टूटना ऐसे संकेत हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय रहते शराब से दूरी बनाना लिवर और संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी माना जाता है।

शराब का सबसे ज्यादा बुरा असर लिवर पर पड़ता है। लगातार या अधिक मात्रा में शराब पीने से लिवर पर दाग और सूजन की समस्या बढ़ती है, जो आगे चलकर सिरोसिस और लिवर फेलियर जैसी गंभीर स्थितियों में बदल सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि कम मात्रा में भी शराब का सेवन लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है। हाल ही में डॉक्टर अर्पित सैनी ने सोशल मीडिया के जरिए ऐसे तीन संकेत बताए हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना स्वास्थ्य के लिए भारी पड़ सकता है।


सुबह उठते ही थकान और भारीपन का महसूस होना
डॉक्टरों के अनुसार, अगर रात में थोड़ी मात्रा में शराब पीने के बाद भी सुबह सिर भारी लगता है, शरीर में कमजोरी और सुस्ती महसूस होती है, काम करने का मन नहीं करता या उल्टी और उबकाई जैसा एहसास बना रहता है, तो यह लिवर पर पड़ रहे दबाव का शुरुआती संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षण बार-बार दिखें तो समझना चाहिए कि लिवर ठीक से काम नहीं कर पा रहा और समय रहते शराब छोड़ना जरूरी हो जाता है।


पेट से जुड़ी समस्याओं का बढ़ना भी चेतावनी
अगर बार-बार पेट दर्द, गैस, डकार, उल्टी या पेट भारी रहने जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, तो यह भी संकेत है कि शराब पाचन तंत्र और गट लाइनिंग को नुकसान पहुंचा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार पेट खराब रहना भी लिवर और पाचन प्रणाली पर शराब के नकारात्मक प्रभाव का परिणाम हो सकता है, जिसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।


नींद का टूटना और बढ़ती निर्भरता भी खतरनाक संकेत
रात में नींद का बार-बार टूटना, गहरी नींद न आना, हर समय थकान रहना या बिना शराब के नींद न आना भी शरीर में अल्कोहल पर बढ़ती निर्भरता का संकेत माना जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि यह स्थिति आगे चलकर मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की समस्याएं पैदा कर सकती है, इसलिए समय रहते शराब की आदत पर नियंत्रण जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *