पेट के लिए समझो अमृत है ये फल, अगर खा लिए रोजाना एक पीस, डॉक्टर से हो जाएंगे हमेशा के लिए दूर
- Shiv Kumar
- 10 Feb, 2026
आपने अक्सर सुना होगा कि रोज एक सेब खाने से डॉक्टर दूर रहते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि केला भी सेहत के लिए उतना ही फायदेमंद है। यह सस्ता, आसानी से मिलने वाला और पोषण से भरपूर फल है, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं। खास बात यह है कि रोजाना एक केला खाने से पाचन तंत्र बेहतर रहता है और शरीर को जरूरी ऊर्जा भी मिलती है। डॉक्टरों के मुताबिक, नियमित रूप से केला खाने से शरीर की कई छोटी-बड़ी समस्याओं से बचाव संभव है।
आंतों और पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद
नोएडा स्थित शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. भुमेश त्यागी के अनुसार केला पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है। एक केले से शरीर को लगभग 105 कैलोरी ऊर्जा, पर्याप्त पानी, प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और फाइबर मिलता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। केले में मौजूद प्रीबायोटिक फाइबर आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को मजबूत करता है, जिससे गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याएं कम हो सकती हैं। कई शोधों में यह भी पाया गया है कि कच्चे केले में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं जो पेट की परत को मजबूत बनाकर अल्सर जैसी समस्याओं से बचाव में मदद कर सकते हैं। इस वजह से केला हल्के और पौष्टिक नाश्ते के रूप में भी काफी लोकप्रिय हो रहा है।
ब्लड प्रेशर और ऊर्जा संतुलन में भी मददगार
केले में पोटैशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में अहम भूमिका निभाता है। डॉक्टरों का कहना है कि जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, उनके लिए केला फायदेमंद स्नैक साबित हो सकता है। इसके अलावा केले में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद करते हैं, जिससे शरीर की कार्यक्षमता बेहतर रहती है। कामकाज के बीच अचानक लगने वाली भूख को शांत करने के लिए भी केला एक बेहतर विकल्प माना जाता है क्योंकि यह तुरंत ऊर्जा देता है और पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के लिए केला एक सुरक्षित और पौष्टिक फल माना जाता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






