गर्मी से बचने के लिए कोलड्रिंक का सेवन खतरनाक, आंत पर होता है घातक असर, इन बीमारियों का बढ़ जाता है खतरा
- Shiv Kumar
- 24 Apr, 2026
देशभर में गर्मी ने अब खतरनाक रूप ले लिया है। कई शहरों में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में पारा और बढ़ेगा। ऐसे में लोग राहत के लिए ठंडी चीजों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं, लेकिन यही राहत कई बार बड़ी परेशानी की वजह बन रही है। खासतौर पर कोल्ड ड्रिंक, शुगर ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक का बढ़ता इस्तेमाल सेहत पर भारी पड़ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि बाहर चल रही लू जितनी खतरनाक है, उतना ही खतरा गलत पेय पदार्थों से शरीर के अंदर भी पैदा हो रहा है।
ठंडक का झांसा, शरीर पर भारी असर
गर्मी में प्यास बुझाने के लिए लोग अक्सर पानी, छाछ या नींबू पानी की जगह कोल्ड ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक का सहारा लेते हैं। इन्हें पीते ही ठंडक का एहसास जरूर होता है, लेकिन शरीर के अंदर इनका असर बिल्कुल अलग होता है। इन ड्रिंक्स में अधिक मात्रा में शुगर, कैफीन और केमिकल्स होते हैं, जो शरीर के सिस्टम को बिगाड़ सकते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, ये पेय पदार्थ शरीर को थोड़ी देर के लिए ऊर्जा का एहसास कराते हैं, लेकिन बाद में थकान, बेचैनी और कमजोरी बढ़ जाती है। लगातार सेवन से ब्लड शुगर और इंसुलिन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे मोटापा, डायबिटीज और हाई बीपी जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं।
डिहाइड्रेशन बढ़ाकर बढ़ा सकते हैं खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे बड़ा खतरा यह है कि ये ठंडी लगने वाली ड्रिंक्स शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन को और बढ़ा सकती हैं। इससे शरीर की प्राकृतिक ठंडक बनाए रखने की क्षमता कमजोर हो जाती है और लू का असर तेजी से बढ़ सकता है। इसके अलावा, इन पेय पदार्थों का असर दांतों, हड्डियों, लिवर और किडनी पर भी पड़ता है। बच्चों के लिए तो यह और ज्यादा नुकसानदेह हो सकता है, खासकर 12 साल से कम उम्र के बच्चों को कैफीन वाले ड्रिंक्स देने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर असर पड़ सकता है।
डॉक्टरों की सलाह है कि गर्मी में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पानी, नींबू पानी, छाछ, सत्तू और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक विकल्पों को अपनाना चाहिए। यही पेय पदार्थ शरीर को सही मायनों में ठंडक और ऊर्जा देते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






