साइलेंट किलर की तरह काम कर रहा स्मार्टफोन, जानें स्मार्टफोन के ज्यादा इस्तेमाल पर शरीर पर क्या पड़ सकता है असर
- Shiv Kumar
- 25 Apr, 2026
आज के भारत की हेल्थ रिपोर्ट एक गंभीर तस्वीर सामने ला रही है, जहां लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। कभी शुगर, कभी बीपी, तो कभी दिल से जुड़ी समस्याएं अब आम होती जा रही हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अब बीमारियां उम्र देखकर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतों के हिसाब से शरीर पर हमला कर रही हैं। आंकड़ों के अनुसार, करीब एक दशक पहले जहां दिल की बीमारियां 16-17 प्रतिशत लोगों में देखी जाती थीं, वहीं अब यह आंकड़ा 25 प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है। इसी तरह डायबिटीज, थायराइड और मोटापे जैसी समस्याएं भी तेजी से बढ़कर 24 प्रतिशत के पार पहुंच गई हैं, जो चिंता का बड़ा कारण बन गई हैं।
स्मार्टफोन बना नई बीमारी की जड़, घंटों स्क्रीन पर बित रहा समय
इस तेजी से बिगड़ती हेल्थ का एक बड़ा कारण हमारी जेब में मौजूद स्मार्टफोन बनता जा रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में भारतीयों ने मिलकर करीब एक लाख दस हजार करोड़ घंटे स्क्रीन पर बिताए। औसतन हर व्यक्ति रोज लगभग 5 घंटे फोन पर समय दे रहा है, जिसमें से ज्यादातर समय सोशल मीडिया, गेम और छोटे वीडियो देखने में निकल जाता है। लगातार स्क्रीन देखने की यह आदत धीरे-धीरे शरीर के सिस्टम को नुकसान पहुंचा रही है। खासतौर पर रात में फोन का इस्तेमाल नींद पर सीधा असर डालता है, जिससे शरीर को सही आराम नहीं मिल पाता और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
नींद, दिमाग और पेट तीनों पर पड़ रहा असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, देर रात तक फोन चलाने से निकलने वाली नीली रोशनी शरीर की प्राकृतिक घड़ी को बिगाड़ देती है। इससे नींद पूरी नहीं हो पाती और शरीर में सूजन बढ़ने लगती है। इसके अलावा लगातार नोटिफिकेशन और स्क्रॉलिंग दिमाग को जरूरत से ज्यादा उत्तेजित करते हैं, जिससे एकाग्रता में कमी और बेचैनी बढ़ती है। यही नहीं, इसका असर पाचन तंत्र पर भी पड़ रहा है। खाते समय फोन देखने से लोग सही तरीके से खाना नहीं खा पाते, जिससे अपच, गैस और वजन बढ़ने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। इस तरह स्मार्टफोन एक ऐसा चक्र बना देता है, जिसमें नींद, दिमाग और पेट तीनों प्रभावित होते हैं।
सावधानी जरूरी, स्क्रीन टाइम कंट्रोल ही उपाय
डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह फोन छोड़ना जरूरी नहीं है, लेकिन इसका इस्तेमाल सीमित करना बेहद जरूरी है। अगर स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण नहीं रखा गया, तो इसका असर शरीर के हर हिस्से पर दिखने लगेगा। इसलिए जरूरी है कि लोग अपनी दिनचर्या में बदलाव करें, पर्याप्त नींद लें और खाने-पीने की आदतों को सुधारें। समय रहते सावधानी बरतने से इन लाइफस्टाइल बीमारियों से बचा जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






