अगर आप के भी झड़ते हैं बाल तो हो जाएं सावधान, हो सकती है इस विटामिन की कमी, अभी जान लें इसे रोकने के उपाय

top-news
बालों का तेजी से झड़ना शरीर में विटामिन बी7 और विटामिन डी की कमी का संकेत हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सही खानपान, धूप और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की सलाह दी है।

आजकल तेजी से बाल झड़ने की समस्या महिलाओं और पुरुषों दोनों में तेजी से बढ़ रही है। महंगे तेल, शैंपू और हेयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बाद भी कई लोगों को राहत नहीं मिलती। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बालों के झड़ने के पीछे सिर्फ बाहरी कारण ही नहीं, बल्कि शरीर में पोषण की कमी भी बड़ी वजह हो सकती है। खासतौर पर कुछ जरूरी विटामिन की कमी होने पर बाल कमजोर होकर तेजी से टूटने लगते हैं।


विटामिन बी7 की कमी से बढ़ सकता है हेयर फॉल
विशेषज्ञों के अनुसार विटामिन बी7 यानी बायोटिन बालों को मजबूत और स्वस्थ बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। इसकी कमी होने पर बाल पतले और कमजोर होने लगते हैं। बायोटिन बालों की जड़ों को पोषण देता है और बालों की ग्रोथ में मदद करता है। शरीर में इसकी पूर्ति के लिए अंडा, ड्राई फ्रूट्स, बीज और हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन फायदेमंद माना जाता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से बायोटिन सप्लीमेंट भी लिए जा सकते हैं।


विटामिन डी भी है बेहद जरूरी
बालों के रोम यानी हेयर फॉलिकल्स को स्वस्थ रखने में विटामिन डी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रिसर्च में सामने आया है कि विटामिन डी की कमी से बालों का विकास प्रभावित होता है और बाल तेजी से झड़ने लगते हैं। विशेषज्ञ फैटी फिश, अंडा और डेयरी उत्पादों को आहार में शामिल करने की सलाह देते हैं। इसके अलावा सुबह की धूप लेना भी शरीर में विटामिन डी बढ़ाने में मदद करता है।


तनाव और हार्मोनल बदलाव भी वजह
डॉक्टरों का कहना है कि बाल झड़ने के पीछे हार्मोनल असंतुलन, थायरॉइड और पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। मानसिक तनाव, चिंता और अनियमित दिनचर्या का असर भी बालों पर पड़ता है। इसलिए लगातार बाल झड़ने की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।


हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञ संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद को बालों की सेहत के लिए जरूरी मानते हैं। साथ ही ज्यादा केमिकल वाले उत्पादों से बचने और तनाव कम करने की सलाह दी जाती है। सही खानपान और नियमित देखभाल से बालों के झड़ने की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *