नौतपा में खानपान का रखें खास ध्यान, ये चीजें शरीर को रखेंगी ठंडा और फिट

top-news
नौतपा की भीषण गर्मी में शरीर को स्वस्थ और ठंडा रखने के लिए खानपान में बदलाव जरूरी है। विशेषज्ञों ने पानी से भरपूर फल, छाछ, सत्तू और नींबू पानी जैसी चीजें डाइट में शामिल करने और तेज धूप से बचने की सलाह दी है।

नौतपा के नौ दिनों में गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने लगता है और तेज धूप व लू लोगों की परेशानी बढ़ा देती है। भीषण गर्मी का सीधा असर शरीर पर पड़ता है, जिससे डीहाइड्रेशन, चक्कर, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं होने लगती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में खानपान और दिनचर्या में थोड़े बदलाव करके शरीर को सुरक्षित रखा जा सकता है। खासतौर पर पानी से भरपूर फल और प्राकृतिक पेय पदार्थ शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करते हैं।


नौतपा में बढ़ जाता है बीमारियों का खतरा

डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की सीनियर डाइटीशियन डॉ. पूनम तिवारी के मुताबिक नौतपा के दौरान शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है, जिससे पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने लगती है। इसका असर शरीर की ऊर्जा और सामान्य कार्यप्रणाली पर पड़ता है। डायबिटीज, दिल, किडनी और सांस के मरीजों को इस मौसम में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं भी लू और गर्मी की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। लंबे समय तक धूप में रहने वालों और ज्यादा मेहनत करने वालों में भी हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।


इन चीजों को डाइट में जरूर करें शामिल

विशेषज्ञों के अनुसार नौतपा में तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे पानी से भरपूर फल खाने चाहिए। ये शरीर को ठंडा रखने के साथ हाइड्रेट भी रखते हैं। इसके अलावा छाछ, सत्तू, नींबू पानी और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक पेय बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना चाहिए और ओआरएस या नमक-चीनी का घोल भी लिया जा सकता है। हल्का और सुपाच्य भोजन करना चाहिए, जबकि तला-भुना और ज्यादा मसालेदार खाना कम खाना चाहिए। बाहर निकलते समय सिर और आंखों को ढकना जरूरी है।


दोपहर की धूप से बचने की सलाह

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। हल्के और सूती कपड़े पहनने चाहिए ताकि शरीर का तापमान संतुलित रहे। शरीर को ठंडा रखने के लिए दिन में एक-दो बार स्नान करना और चेहरे पर ठंडा पानी डालना भी फायदेमंद माना गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और सही खानपान अपनाकर नौतपा की भीषण गर्मी से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *