रोज की ये छोटी-छोटी आदतें दिमाग की रक्त वाहिकाओं को पहुंचा सकती हैं नुकसान, जानिए दिमाग को कैसे रखें स्वस्थ
- Shiv Kumar
- 13 Jul, 2026
दिमाग हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, जो सोचने, याद रखने, भावनाओं को नियंत्रित करने और शरीर की लगभग हर गतिविधि को संचालित करता है। इसके बेहतर कामकाज के लिए पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की जरूरत होती है, जो रक्त वाहिकाओं के जरिए मस्तिष्क तक पहुंचते हैं। यदि ये रक्त वाहिकाएं कमजोर होने लगें तो स्ट्रोक, याददाश्त कमजोर होने और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। फरीदाबाद स्थित फोर्टिस अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. विनीत बंगा के अनुसार, हमारी रोजमर्रा की कई आदतें धीरे-धीरे दिमाग की रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती हैं।
ये आदतें बढ़ा सकती हैं दिमाग की समस्याएं
विशेषज्ञों के मुताबिक पर्याप्त नींद न लेना, लगातार तनाव में रहना, जंक फूड का अधिक सेवन करना और लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहना दिमाग की रक्त वाहिकाओं पर नकारात्मक असर डालता है। इसके अलावा यदि हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल लंबे समय तक नियंत्रित न रहे तो मस्तिष्क तक रक्त पहुंचाने वाली नसें कमजोर हो सकती हैं। यही कारण है कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और इन बीमारियों को नियंत्रण में रखना बेहद जरूरी माना जाता है।
इन आसान उपायों से रखें दिमाग को स्वस्थ
डॉ. विनीत बंगा का कहना है कि रोजाना कम से कम 20 मिनट व्यायाम करना, बीच-बीच में काम से ब्रेक लेना और कुछ समय ताजी हवा में बिताना दिमाग के लिए फायदेमंद है। हर दिन 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेना भी बेहद जरूरी है। सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल, टीवी और अन्य डिजिटल स्क्रीन से दूरी बनाने की सलाह दी जाती है ताकि नींद की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे। खानपान में संतुलित आहार को प्राथमिकता दें। जंक फूड, पैकेज्ड फूड और अधिक चीनी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें। भोजन में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और पर्याप्त मात्रा में पानी शामिल करें। साथ ही धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखें, क्योंकि ये आदतें दिमाग और रक्त वाहिकाओं दोनों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। विशेषज्ञ नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की भी सलाह देते हैं, ताकि ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं का समय रहते पता चल सके और उनका उपचार किया जा सके। छोटी-छोटी स्वस्थ आदतों को अपनाकर लंबे समय तक दिमाग को स्वस्थ और सक्रिय रखा जा सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






