लिवर को रखना है फिट तो बदलें ये आदतें, हेपेटाइटिस से बचने के लिए डॉक्टरों ने बताए जरूरी उपाय
- Shiv Kumar
- 29 Jul, 2026
पिछले कुछ वर्षों में बदलती लाइफस्टाइल और खानपान की आदतों का असर लोगों की सेहत पर तेजी से पड़ रहा है। खासतौर पर लिवर से जुड़ी बीमारियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। भारत के बड़े शहरों में फैटी लिवर की समस्या तेजी से सामने आ रही है। आम धारणा है कि लिवर खराब होने का कारण सिर्फ शराब होता है, लेकिन ऐसा नहीं है। खराब खानपान, मोटापा, डायबिटीज, शारीरिक गतिविधि की कमी और हेपेटाइटिस वायरस भी लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
हेपेटाइटिस से बचाव के लिए रखें इन बातों का ध्यान
हेपेटाइटिस संक्रमण से बचने के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार हेपेटाइटिस A और B से बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी तरीका है। इसके अलावा साफ पानी और सुरक्षित भोजन का सेवन करना चाहिए। खाना खाने से पहले और शौचालय के बाद हाथों की सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। रेजर, टूथब्रश, नेल कटर और सुई जैसी निजी चीजों को किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। हेपेटाइटिस B असुरक्षित संबंधों से भी फैल सकता है, इसलिए सुरक्षित व्यवहार अपनाना जरूरी है।
किन लोगों को करानी चाहिए हेपेटाइटिस की जांच
हर व्यक्ति के लिए नियमित हेपेटाइटिस जांच जरूरी नहीं होती, लेकिन कुछ लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहना चाहिए। जिन लोगों का कभी ब्लड ट्रांसफ्यूजन हुआ हो, जो डायलिसिस पर हों, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मचारी, गर्भवती महिलाएं, संक्रमित व्यक्ति के परिवार के सदस्य या जिनकी लिवर जांच पहले खराब आ चुकी है, उन्हें डॉक्टर की सलाह पर जांच करानी चाहिए। लंबे समय तक थकान, पीलिया, भूख कम लगना, उल्टी जैसा महसूस होना या लिवर एंजाइम बढ़ने जैसी समस्याएं होने पर भी जांच कराना जरूरी है। कई बार हेपेटाइटिस B और C लंबे समय तक बिना लक्षण के शरीर में मौजूद रह सकते हैं।
शराब नहीं पीते फिर भी क्यों बढ़ रहा फैटी लिवर
फैटी लिवर अब सिर्फ शराब पीने वालों की समस्या नहीं रह गई है। आज बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं जो शराब का सेवन नहीं करते। इसका मुख्य कारण खराब डाइट, ज्यादा तला-भुना खाना, जंक फूड, मीठे पेय पदार्थ, बढ़ता वजन, पेट की चर्बी, डायबिटीज और लंबे समय तक बैठे रहने की आदत है। अगर समय रहते फैटी लिवर पर ध्यान नहीं दिया जाए तो यह आगे चलकर लिवर में सूजन, फाइब्रोसिस, सिरोसिस और गंभीर मामलों में लिवर कैंसर जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये आदतें
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित भोजन और नियमित शारीरिक गतिविधि सबसे जरूरी है। डाइट में फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज शामिल करें। रोजाना कम से कम 30 मिनट टहलना या व्यायाम करना फायदेमंद हो सकता है। वजन और कमर का घेरा नियंत्रित रखना चाहिए। शराब और तंबाकू से दूरी बनाएं। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक दर्द की दवाइयां, एंटीबायोटिक या हर्बल सप्लीमेंट लेने से बचें। डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं को भी नियंत्रण में रखना जरूरी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






