क्या पूरी नींद न लेने से बढ़ता है मोटापा? डॉक्टर से समझिए इसके पीछे का साइंस

top-news
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद न लेने से हार्मोनल संतुलन बिगड़ सकता है। इससे भूख बढ़ती है, जंक फूड खाने की इच्छा होती है और मोटापा व टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है।

आज की व्यस्त जीवनशैली में काम, पढ़ाई और मोबाइल स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के कारण लोगों की नींद लगातार कम होती जा रही है। कई लोग मानते हैं कि कम सोने से शरीर ज्यादा कैलोरी खर्च करता है और वजन घटता है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। पर्याप्त नींद न लेने से शरीर का हार्मोनल संतुलन बिगड़ता है, जिससे भूख बढ़ सकती है और वजन तेजी से बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाता है।


हार्मोनल बदलाव से बढ़ती है भूख

फोर्टिस फरीदाबाद के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. अनुराग अग्रवाल के अनुसार, जब कोई व्यक्ति रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद नहीं लेता, तो शरीर में घ्रेलिन और लेप्टिन जैसे हार्मोन प्रभावित होते हैं। घ्रेलिन भूख बढ़ाने का काम करता है, जबकि लेप्टिन पेट भरने का संकेत देता है। नींद की कमी से घ्रेलिन का स्तर बढ़ जाता है और लेप्टिन का स्तर कम हो जाता है। ऐसे में व्यक्ति को बार-बार भूख लगती है और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा बढ़ जाती है। इसके साथ ही कॉर्टिसोल यानी स्ट्रेस हार्मोन का स्तर भी बढ़ सकता है, जिससे पेट के आसपास चर्बी जमा होने और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है।


कम नींद से बढ़ सकता है कैलोरी इनटेक

डॉक्टरों के मुताबिक पर्याप्त नींद न मिलने पर शरीर दिनभर थका हुआ महसूस करता है। इससे शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं और नियमित व्यायाम करने की इच्छा भी घट जाती है। देर रात तक जागने वाले लोग अक्सर स्नैकिंग और जंक फूड का ज्यादा सेवन करते हैं, जिससे कुल कैलोरी इनटेक बढ़ जाता है। यही वजह है कि लंबे समय तक नींद की कमी मोटापे का एक बड़ा कारण बन सकती है।


स्वस्थ रहने के लिए अच्छी नींद भी है जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि वजन नियंत्रित रखने के लिए केवल संतुलित आहार और नियमित व्यायाम ही नहीं, बल्कि अच्छी और पर्याप्त नींद भी जरूरी है। रोजाना एक निश्चित समय पर सोने और जागने की आदत डालें। सोने से कम से कम एक घंटा पहले मोबाइल, लैपटॉप और अन्य स्क्रीन से दूरी बनाएं। शाम के बाद कैफीन का सेवन कम करें। यदि पर्याप्त नींद लेने के बावजूद लगातार थकान, खर्राटे, बार-बार नींद टूटना या तेजी से वजन बढ़ने जैसी समस्या बनी रहती है, तो स्लीप मेडिसिन विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *