रोज केला खाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, इन लोगों के लिए बन सकता है नुकसान की वजह

top-news
केला पोषण और ऊर्जा का अच्छा स्रोत है, लेकिन हर व्यक्ति के लिए समान रूप से फायदेमंद नहीं होता। विशेषज्ञों के अनुसार किडनी रोगी, अनियंत्रित मधुमेह, अस्थमा और अधिक कफ की समस्या वाले लोगों को केला खाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

केला ऐसा फल है जो लगभग हर मौसम में आसानी से उपलब्ध रहता है और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की पसंद में शामिल होता है। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ कई जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करता है। यही वजह है कि इसे सबसे हेल्दी फलों में गिना जाता है। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि केला हर व्यक्ति के लिए समान रूप से फायदेमंद नहीं होता। कुछ लोगों को इसे सीमित मात्रा में खाना चाहिए, जबकि कुछ मरीजों को इससे पूरी तरह बचने की सलाह दी जाती है। एम्स से प्रशिक्षित जनरल फिजिशियन और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका शेहरावत के अनुसार, केला पोषण से भरपूर जरूर है, लेकिन कुछ स्वास्थ्य स्थितियों में इसका सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए अपनी सेहत के अनुसार ही इसे आहार में शामिल करना चाहिए।


केला शरीर को देता है ऊर्जा, लेकिन किडनी मरीज रहें सावधान

डॉ. प्रियंका शेहरावत के अनुसार, रोजाना एक से दो केले खाना सामान्य रूप से सुरक्षित माना जाता है। केला फाइबर और पोटैशियम का अच्छा स्रोत है। एक केले में लगभग 400 मिलीग्राम पोटैशियम होता है, जो मांसपेशियों और नसों के बेहतर कामकाज के लिए जरूरी है। लेकिन जिन लोगों को किडनी की गंभीर समस्या है, उन्हें केला खाने से बचना चाहिए। इसकी वजह यह है कि किडनी ठीक से काम नहीं करने पर शरीर में पोटैशियम का स्तर बढ़ सकता है और अतिरिक्त पोटैशियम बाहर नहीं निकल पाता। ऐसे मरीजों को केला और नारियल पानी जैसी पोटैशियम से भरपूर चीजों का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्हें समय-समय पर अपने पोटैशियम स्तर की जांच भी कराते रहना चाहिए।


डायबिटीज, सर्दी-जुकाम और वजन घटाने वाले भी रखें ध्यान

विशेषज्ञों के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति का मधुमेह नियंत्रित है तो वह सीमित मात्रा में एक छोटा केला खा सकता है। हालांकि जिन लोगों का रक्त शर्करा स्तर लगातार अधिक रहता है और नियंत्रण में नहीं है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही आहार लेना चाहिए। इसके अलावा जिन लोगों को तेज सर्दी-जुकाम, कफ या अस्थमा की समस्या रहती है, खासकर सर्दियों और बरसात के मौसम में, उन्हें भी केला खाने से बचने की सलाह दी जाती है। अधिक मात्रा में केला खाने से कुछ लोगों को गैस, पेट फूलना या अम्लता जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। वहीं जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें भी केले का सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी खाद्य पदार्थ की तरह केले का सेवन भी व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति और जरूरत के अनुसार होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *