चिया सीड्स खाने का सही तरीका जानिए, तभी मिलेगा पूरा फायदा, नहीं तो हो सकती हैं ये परेशानियां
- Shiv Kumar
- 05 Aug, 2026
चिया सीड्स को आज सुपरफूड के रूप में जाना जाता है। फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, एंटीऑक्सीडेंट, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर यह बीज पाचन, हड्डियों और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। हालांकि, कई लोग इसे गलत तरीके से खा लेते हैं, जिससे फायदे की बजाय नुकसान भी हो सकता है। कैलिफोर्निया स्थित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी के अनुसार, चिया सीड्स का सही समय, सही मात्रा और सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी है। तभी शरीर को इसका पूरा लाभ मिल सकता है और पाचन संबंधी समस्याओं से भी बचा जा सकता है।
भिगोकर खाएं चिया सीड्स, ड्राई खाने से हो सकती है परेशानी
विशेषज्ञों के अनुसार चिया सीड्स को कभी भी सूखा नहीं खाना चाहिए। सूखे चिया सीड्स शरीर में पानी सोखते हैं, जिससे कुछ लोगों को निगलने में दिक्कत, पेट फूलना या पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। इसलिए इन्हें हमेशा पानी या दही में भिगोकर ही सेवन करना चाहिए। बेहतर होगा कि इन्हें रातभर पानी में भिगो दें। यदि ऐसा संभव न हो तो खाने से कम से कम 20 मिनट पहले पानी में भिगो लें। डॉ. सौरभ सेठी का कहना है कि चिया योगर्ट (दही में भिगोए हुए चिया सीड्स) एक अच्छा विकल्प है, क्योंकि इससे फाइबर के साथ प्रोबायोटिक्स भी मिलते हैं, जो आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाने में मदद करते हैं। वहीं चिया वॉटर भी स्वास्थ्य के लिए लाभदायक माना जाता है।
सुबह करें सेवन, लेकिन मात्रा का रखें खास ध्यान
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि चिया सीड्स का सेवन सुबह के समय करना सबसे बेहतर रहता है। सुबह फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर तरीके से सक्रिय करने में मदद करता है और शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेट रखने में भी सहायक होता है। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड दिमाग और लिवर की सेहत के लिए लाभदायक माना जाता है, जबकि कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। हालांकि, किसी भी चीज की तरह इसका अधिक सेवन भी नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना लगभग एक चम्मच चिया सीड्स से अधिक नहीं खाना चाहिए। यदि किसी को पहले से पाचन संबंधी बीमारी, दवा चल रही हो या कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या हो, तो नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या पोषण विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






