ईरान-इजराइल वॉर, ईरानी हमले में भारतीय नागरिक की मौत, भारत में दो दिन में 760 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल
- Shiv Kumar
- 02 Mar, 2026
इजराइल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सीधे भारत पर दिखने लगा है। बीते दो दिनों में 760 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। सिर्फ आज दिल्ली हवाईअड्डे पर 87 उड़ानें निरस्त रहीं। दिल्ली, मुंबई, कोच्चि, बेंगलुरु, चेन्नई, जयपुर और अहमदाबाद के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था और धनवापसी की प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन अचानक रद्दीकरण से अफरातफरी का माहौल है। इस बीच ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हमले में एक भारतीय नाविक की मौत ने हालात को और गंभीर बना दिया है।
खाड़ी में ड्रोन हमला, भारतीय नाविक की मौत
ओमान की खाड़ी में सोमवार को मार्शल आइलैंड्स ध्वज वाले तेल टैंकर एमकेडी व्योम पर विस्फोटक से लैस ड्रोन नौका से हमला किया गया। मस्कट तट के पास हुए इस हमले में एक भारतीय नाविक की जान चली गई। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार जहाज को निशाना बनाकर गंभीर क्षति पहुंचाई गई। इसी क्षेत्र में ‘एमवी स्काईलाइट’ जहाज हादसे के बाद लापता चालक दल की तलाश भी जारी है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और बचाए गए सदस्यों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है। मिडिल ईस्ट के हालात को देखते हुए अबू धाबी का बीएपीएस हिंदू मंदिर 9 मार्च तक दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है।
भारत और पड़ोसी देशों में विरोध प्रदर्शन
तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, शोपियां, बारामूला और बांदीपोरा में विरोध प्रदर्शन हुए। बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली में भी संवेदनशील इलाकों और राजनयिक मिशनों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में भी प्रदर्शन हिंसक हो गए, जहां कई सरकारी इमारतों को नुकसान पहुंचाया गया। कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर भी झड़प की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद कहा कि पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनक हैं और भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






