चीन की कोयला खदान में भीषण विस्फोट, 90 मजदूरों की मौत से मचा हड़कंप, खदान में 247 मजदूर कर रहे थे काम

top-news
चीन के शांक्सी प्रांत में कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट में 90 मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूर अब भी लापता हैं। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे की जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

चीन के शांक्सी प्रांत में शुक्रवार को हुए भीषण कोयला खदान विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में कम से कम 90 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर अब भी लापता बताए जा रहे हैं। यह हादसा पिछले एक दशक में चीन का सबसे बड़ा खदान हादसा माना जा रहा है। विस्फोट किनयुआन काउंटी स्थित एक कोयला खदान में हुआ, जहां उस समय करीब 247 मजदूर काम कर रहे थे। धमाका इतना जोरदार था कि खदान के कई हिस्से पूरी तरह ध्वस्त हो गए। हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान तेजी से शुरू किया गया, लेकिन अंदर फैली जहरीली गैस और धुएं के कारण रेस्क्यू टीमों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।


कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनी हादसे की वजह

सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक हादसे से पहले खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का स्तर खतरनाक सीमा तक पहुंचने का अलर्ट जारी किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट से यह बड़ा हादसा हुआ। शुरुआती रिपोर्ट में केवल आठ मजदूरों की मौत की बात कही गई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या तेजी से बढ़कर 90 तक पहुंच गई। अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि आंकड़ों में अचानक इतनी बड़ी बढ़ोतरी कैसे हुई। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियां लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। कई मजदूरों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के कारण खदान के अंदर कई हिस्सों में आग और जहरीला धुआं फैल गया, जिससे अंदर फंसे लोगों तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया है।


शी जिनपिंग ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping ने बचाव कार्य में तेजी लाने और लापता मजदूरों को सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ली च्यांग और उपप्रधानमंत्री झांग गुओकिंग भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। राष्ट्रपति ने सभी सरकारी विभागों को कार्यस्थल सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन कराने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के निर्देश दिए हैं। शांक्सी प्रांत चीन का सबसे बड़ा कोयला उत्पादन क्षेत्र माना जाता है, लेकिन यहां पहले भी कई बड़े खदान हादसे हो चुके हैं। लगातार बढ़ते उत्पादन दबाव और सुरक्षा मानकों में लापरवाही को इन घटनाओं की बड़ी वजह माना जाता है। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर चीन की खदान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *