बैंकॉक के बार में लगी भीषण आग, 27 लोगों की मौत, 63 घायल, जान बचाने के लिए टॉयलेट में छिपे लोग

top-news
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक बार में भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। शुरुआती जांच में बिजली सिस्टम में खराबी की आशंका जताई गई है। हादसे की जांच जारी है।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। चातुचक जिले के एक लोकप्रिय बार में अचानक आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली प्रणाली में खराबी मानी जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच अभी जारी है। दमकल विभाग के अनुसार, रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। कई दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक आग पूरे बार में फैल चुकी थी और इमारत का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जल गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस ने पूरे परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी।


बिजली के सर्किट से उठा धुआं, फिर हुआ तेज धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे से कुछ मिनट पहले बार के मंच के पास लगे बिजली के सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलता दिखाई दिया था। वहां मौजूद एक संगीतकार ने बताया कि अचानक तेज धमाके की आवाज आई और कुछ ही पलों में पूरे परिसर में धुआं भर गया। इससे लोगों में भगदड़ मच गई और हर कोई बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। कई लोग जान बचाने के लिए इमारत के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन धुएं की वजह से उनका दम घुट गया। राहत एवं बचाव दल ने बाद में इन लोगों के शव बाहर निकाले। मौके पर मौजूद बचावकर्मियों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।


सजावटी सामग्री ने बढ़ाई आग की रफ्तार

हादसे के बाद बैंकॉक के गवर्नर चाचार्ट सित्तिपुंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बार के अंदर बड़ी मात्रा में लगी ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग बेहद तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह का पता फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। आग बुझने के बाद सामने आई तस्वीरों में बार के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे दिखाई दिए। अंदर का फर्नीचर, दीवारें और छत पूरी तरह जल चुकी थीं, जबकि इमारत के कुछ हिस्से भी क्षतिग्रस्त हो गए।


प्रधानमंत्री ने लिया हालात का जायजा

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और हादसे की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। यह हादसा हाल के वर्षों में थाईलैंड के सबसे बड़े बार अग्निकांडों में गिना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 में एक म्यूजिक पब में लगी आग में 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2009 में बैंकॉक के प्रसिद्ध सैंटिका नाइटक्लब में आग लगने से 66 लोगों की जान चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *