शराब, ड्रग्स और लग्जरी होटल... सऊदी प्रिंस की मौत का चौंकाने वाला सच! कोर्ट ने बताया कैसे गई जान

top-news
लंदन के एक लग्जरी होटल में मिले सऊदी राजकुमार की मौत पर ब्रिटिश जांच ने बड़ा खुलासा किया है। अदालत में सुनवाई के बाद इसे हादसाती मौत माना गया, जिसकी वजह शराब, पार्टी ड्रग्स और दवाओं का घातक मिश्रण बताई गई।

लंदन। सऊदी अरब के 29 वर्षीय शाही परिवार के सदस्य प्रिंस अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद की मौत को लेकर ब्रिटेन की कोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। लंदन में हुई कोरोनर की जांच में सामने आया कि उनकी मौत शराब, पार्टी ड्रग (GHB) और कुछ डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाओं के घातक मिश्रण की वजह से हुई थी। जांच के मुताबिक यह आत्महत्या या हत्या का मामला नहीं, बल्कि "मिसएडवेंचर" (दुर्घटनावश मौत) का मामला था।

होटल के बाथरूम में मिला था शव

जांच में बताया गया कि प्रिंस अब्दुल्ला नवंबर 2025 में लंदन के केंसिंग्टन स्थित मैरियट होटल में ठहरे हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में उन्हें मौत से एक रात पहले होटल के बाहर सिगरेट पीते देखा गया था। अगले दिन होटल के कर्मचारी ने कमरे का दरवाजा खोला तो वह बाथरूम के फर्श पर अचेत पड़े मिले। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पोस्टमार्टम में क्या मिला?

टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में पता चला कि प्रिंस के शरीर में शराब की मात्रा ब्रिटेन में ड्राइविंग की कानूनी सीमा से लगभग तीन गुना अधिक थी। इसके अलावा उनके शरीर में GHB (पार्टी ड्रग) की घातक मात्रा, कैनबिस, ज़ैनैक्स और कुछ अन्य एंटी-एंग्जायटी दवाओं के अंश भी मिले। मेडिकल विशेषज्ञों ने अदालत को बताया कि इन सभी पदार्थों के एक साथ सेवन से उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ, जो उनकी मौत का कारण बना।

पहले भी करा चुके थे नशा मुक्ति का इलाज

सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि प्रिंस अब्दुल्ला पहले से शराब और दवाओं की लत से जूझ रहे थे। वर्ष 2025 में उन्होंने लंदन के एक पुनर्वास केंद्र में डिटॉक्स उपचार भी कराया था। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आत्महत्या का जोखिम नहीं माना था, लेकिन बाद में उन्होंने फॉलो-अप सत्रों में जाना बंद कर दिया। अदालत ने सभी सबूतों की समीक्षा के बाद कहा कि इस मामले में किसी तीसरे व्यक्ति की संलिप्तता या साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं और मौत पूरी तरह दुर्घटनावश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *