रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बड़ा हमला, लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट को बनाया निशाना, मिसाइल हमले में 2 लोगों की मौत
- Shiv Kumar
- 17 Aug, 2026
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच शनिवार रात क्रिवी रिह शहर में बड़ा मिसाइल हमला हुआ। रूसी हमले की चपेट में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल का स्टील प्लांट भी आ गया। हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 कर्मचारी और ठेकेदार घायल बताए जा रहे हैं। हमले के बाद प्लांट के कुछ हिस्सों में उत्पादन रोकना पड़ा है। ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। घटना के बाद दमकलकर्मी, बचाव दल और चिकित्सा टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।
स्टील प्लांट के अहम हिस्सों को पहुंचा नुकसान
हमले के बाद प्लांट में कामकाज प्रभावित हुआ है। स्टील उत्पादन के लिए इस्तेमाल होने वाली बड़ी भट्टियों और दूसरी जरूरी उत्पादन इकाइयों को नुकसान पहुंचने की जानकारी है। ऊर्जा व्यवस्था प्रभावित होने से कंपनी को कुछ गतिविधियां अस्थायी तौर पर रोकनी पड़ी हैं। यह प्लांट यूक्रेन के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्रों में शामिल है और स्थानीय अर्थव्यवस्था में इसकी बड़ी भूमिका है। इससे पहले भी रूसी हमलों में यह संयंत्र निशाने पर आ चुका है। वर्ष 2022 में हुए हमले में प्लांट की एक रोलिंग मिल नष्ट हो गई थी और एक कर्मचारी की जान चली गई थी। इस बार भी हमले के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यूक्रेन ने भी रूस में किया ड्रोन हमला
रूस के हमले के बाद यूक्रेन की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के अनुसार, हमले में 83 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। इस हमले में रूस की बड़ी ऑनलाइन खुदरा कंपनी वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई। यह गोदाम मॉस्को से करीब 45 किलोमीटर दूर बताया गया है। यूक्रेनी सेना ने यह भी दावा किया कि उसने रोस्तोव क्षेत्र में मिसाइल ईंधन बनाने वाली एक फैक्ट्री को निशाना बनाया है।
लक्ष्मी मित्तल से कैसे जुड़ा है यह प्लांट?
क्रिवी रिह का स्टील प्लांट यूक्रेन की औद्योगिक व्यवस्था के लिए बेहद अहम माना जाता है। इसे वर्ष 2005 में लक्ष्मी मित्तल की कंपनी मित्तल स्टील ने खरीदा था। इसके बाद मित्तल स्टील का आर्सेलर के साथ विलय हुआ और वर्ष 2006 में आर्सेलरमित्तल का गठन हुआ। तब से यह संयंत्र इसी कंपनी का हिस्सा है। लक्ष्मी मित्तल आर्सेलरमित्तल के प्रमुख शेयरधारक और चेयरमैन हैं। युद्ध के बीच इस औद्योगिक संयंत्र पर हुआ ताजा हमला यूक्रेन के औद्योगिक ढांचे पर पड़ रहे लगातार दबाव को भी दिखाता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






