ट्रंप का 2020 चुनाव पर फिर बड़ा दावा, बोले- 2.4 लाख नहीं बल्कि 24 हजार से ज्यादा गैर-नागरिकों ने अवैध वोट दिया

top-news
डोनाल्ड ट्रंप ने 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर गैर-नागरिकों के मतदान का दावा किया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती 12.8 करोड़ मतदाताओं के आंकड़ों की जांच में 24 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में गैर-नागरिकों के मतदान को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी जनगणना ब्यूरो 2020 के मतदाता आंकड़ों को नागरिकता से जुड़े रिकॉर्ड के साथ मिलाकर जांच कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि शुरुआती 12.8 करोड़ मतदाताओं के आंकड़ों की जांच में 24 हजार से ज्यादा ऐसे लोग सामने आए हैं, जिन्होंने कथित तौर पर अमेरिकी नागरिक न होने के बावजूद मतदान किया। ट्रंप ने यह भी कहा कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और अगले करीब 3.2 करोड़ मतदाताओं के आंकड़ों का विश्लेषण किया जाना बाकी है।


ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में किया दावा

डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि जनगणना ब्यूरो ने 2020 के मतदाता आंकड़ों को नागरिकता संबंधी रिकॉर्ड के साथ मिलाकर जांच शुरू की है। उनके मुताबिक, शुरुआती 128,000,000 मतदाताओं के आंकड़ों की जांच में 24 हजार से अधिक गैर-नागरिकों द्वारा कथित तौर पर मतदान किए जाने की जानकारी सामने आई है। ट्रंप ने दावा किया कि जब बाकी 3.2 करोड़ मतदाताओं के आंकड़ों की भी जांच होगी तो यह संख्या और बढ़ सकती है। हालांकि, ट्रंप के इस दावे के समर्थन में पोस्ट में विस्तृत जांच रिपोर्ट या आंकड़ों का स्रोत नहीं बताया गया है।


भारत की चुनाव व्यवस्था का भी किया जिक्र

ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में भारत की चुनाव व्यवस्था का जिक्र करते हुए फोटो पहचान पत्र के इस्तेमाल की तारीफ की। उन्होंने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ हुई बातचीत का हवाला दिया और कहा कि भारत में मतदाताओं के लिए पहचान पत्र की व्यवस्था है। ट्रंप ने भारत के पिछले आम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां करीब 64.6 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया था और एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक के जरिए वोट डाला। उन्होंने अमेरिकी सांसदों से चुनाव में वैध फोटो पहचान पत्र की व्यवस्था को लेकर अपना प्रस्ताव आगे बढ़ाने की अपील की।


व्हाइट हाउस ने नागरिकता की शर्त का किया समर्थन

ट्रंप लंबे समय से अमेरिकी चुनावों में केवल नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करने की मांग करते रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने सांसदों से 'सेव अमेरिका एक्ट' पारित करने की अपील दोहराई है। व्हाइट हाउस का कहना है कि प्रस्तावित कानून का उद्देश्य संघीय चुनावों में केवल अमेरिकी नागरिकों के मतदान को सुनिश्चित करना है। व्हाइट हाउस ने इसे समझदारी वाला और द्विदलीय विधेयक बताया है। हालांकि, 2020 के चुनाव को लेकर गैर-नागरिकों के बड़े पैमाने पर मतदान संबंधी ट्रंप के दावों को अलग से आधिकारिक प्रमाणों के आधार पर देखना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *