नेपाल में बादल फटने से तूफान पर नदियां, UP में हड़कंप! बॉर्डर जिलों को किया अलर्ट

top-news
नेपाल में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ ने यूपी की सीमा पर चिंता बढ़ा दी है। कुशीनगर और महाराजगंज में प्रशासन अलर्ट पर है, जबकि गंडक और नारायणी के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

नेपाल में बुधवार को आई अचानक भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। उत्तरी नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी अचानक उफान पर आ गई, जिसके बाद कई इलाकों में घर, सड़कें, पुल और दूसरी संपत्तियां पानी के तेज बहाव में बह गईं। इस आपदा में कई लोगों की मौत हुई है और बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

कुशीनगर-महराजगंज में बढ़ी चिंता
नेपाल की इस बाढ़ का असर अब भारत के सीमावर्ती इलाकों पर भी पड़ने की आशंका है। उत्तर प्रदेश में खासतौर पर महराजगंज और कुशीनगर को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इन इलाकों से गंडक और नारायणी नदी का जुड़ाव होने के कारण अचानक पानी बढ़ने की स्थिति में निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

CM योगी ने दिए अलर्ट के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में आई तबाही को चिंताजनक बताते हुए महराजगंज और कुशीनगर प्रशासन को पूरी सतर्कता और जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें नदी किनारे के इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रख रही हैं। स्थानीय अधिकारियों को जलस्तर में होने वाले बदलाव की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

नदी किनारे रहने वालों की बढ़ी चिंता
नेपाल की बाढ़ के बाद सिर्फ यूपी ही नहीं, बिहार में भी गंडक नदी से जुड़े इलाकों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों का फोकस नदी के जलस्तर, तटबंधों और निचले इलाकों की निगरानी पर है। वहीं मौसम विभाग ने भी 26 अगस्त को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसमें महराजगंज और कुशीनगर भी शामिल हैं।

फिलहाल प्रशासन की कोशिश यही है कि नेपाल से आने वाले अतिरिक्त पानी और बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और अगर हालात बिगड़ते हैं तो लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। नेपाल की तबाही के बाद अब यूपी के सीमावर्ती इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *