प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च राज्य सम्मान ‘ओली दाराजली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने ताशकंद स्थित कुकसरॉय राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रदान किया। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक यह सम्मान भारत-उज्बेकिस्तान के ऐतिहासिक संबंधों, व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच राजनीतिक, व्यापारिक, निवेश तथा सांस्कृतिक सहयोग को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान के लिए दिया गया है। मोदी ने इस सम्मान को दोनों देशों की लंबे समय से चली आ रही दोस्ती का प्रतीक बताते हुए भारत के लोगों को समर्पित किया। इस सम्मान के साथ प्रधानमंत्री मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या 36 बताई जा रही है।
यूरेनियम सप्लाई को लेकर बनी दीर्घकालिक व्यवस्था
सम्मान समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई। बैठक में दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। बातचीत में यूरेनियम सप्लाई का मुद्दा भी प्रमुख रहा। ताजा जानकारी के मुताबिक भारत और उज्बेकिस्तान ने यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए एक व्यवस्था पर सहमति जताई है। यह सहयोग भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों और परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। इससे भारत और मध्य एशिया के बीच ऊर्जा तथा रणनीतिक सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
योग सत्र में शामिल हुए पीएम मोदी, लोगों से भी की मुलाकात
उज्बेकिस्तान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान की ओर से आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ योग किया और एक प्रतिभागी को योग करने का सही तरीका भी बताया। सत्र के बाद प्रधानमंत्री ने प्रतिभागियों के साथ सेल्फी वीडियो भी रिकॉर्ड किया। मोदी ने ताशकंद में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान कुछ महिलाओं ने प्रधानमंत्री की कलाई पर राखी बांधी। इससे पहले ताशकंद एयरपोर्ट पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव खुद प्रधानमंत्री को रिसीव करने पहुंचे और दोनों नेता एक ही कार में एयरपोर्ट से रवाना हुए। प्रधानमंत्री ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क का भी दौरा किया।
किर्गिस्तान में मोदी के लिए तैयार होगा गुजराती खाना
उज्बेकिस्तान दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में हिस्सा लेंगे। उनके स्वागत की तैयारियों के बीच बिश्केक के गांधी रेस्टोरेंट में उनके लिए गुजराती भोजन तैयार करने की तैयारी की जा रही है। रेस्टोरेंट के हेड शेफ चिन्मय बडोदेकर के मुताबिक प्रधानमंत्री के लिए घर जैसा ताजा भोजन बनाया जाएगा। नाश्ते में पोहा, उपमा और इडली-सांभर, जबकि दोपहर के भोजन में थेपला, दाल-चावल और गुजराती सब्जियां परोसे जाने की तैयारी है। रात के खाने में खिचड़ी-कढ़ी रखी गई है। प्रधानमंत्री का उज्बेकिस्तान दौरा 29-30 अगस्त का है, जिसके बाद वे SCO शिखर सम्मेलन के लिए किर्गिस्तान जाएंगे।