Breaking News

ग्रेटर नोएडा में प्लॉट बेचने के नाम पर बुजुर्ग महिला से लाखों की धोखाधड़ी, बेटी और दामाद समेत चार लोग नामजद

top-news
ग्रेटर नोएडा के मुबारकपुर गांव में एक बुजुर्ग विधवा महिला ने बेटी और दामाद समेत चार लोगों पर बैंक खाते से 35 से 40 लाख रुपये निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ।

उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित मुबारकपुर गांव की एक बुजुर्ग विधवा महिला ने अपनी बेटी और दामाद समेत चार लोगों पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि छह प्रतिशत किसान आबादी के प्लॉट का सौदा कराने के बहाने आरोपियों ने उनका बैंक खाता खुलवाया और उससे जुड़े दस्तावेज अपने पास रख लिए। इसके बाद उनकी जानकारी और सहमति के बिना खाते से करीब 35 से 40 लाख रुपये निकाल लिए गए। महिला को धोखाधड़ी का पता उस समय चला, जब वह पासबुक नहीं मिलने पर बैंक पहुंचीं और अपने खाते की जानकारी ली। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि खाते में जमा रकम ऑनलाइन माध्यम से निकाल ली गई है। आरोप है कि जब महिला ने बेटी और दामाद से अपने रुपये वापस मांगे तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। जिला न्यायालय के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्लॉट बिकवाने के बहाने खुलवाया बैंक खाता

शिकायत के अनुसार, मुबारकपुर गांव निवासी 60 वर्षीय विमला पढ़ी-लिखी नहीं हैं और उनके पति की मौत हो चुकी है। उनकी बेटी कोमल और दामाद नितिन ने छह प्रतिशत किसान आबादी के प्लॉट का सौदा कराने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि दोनों ने दादूपुर गांव निवासी नवाब और नरेश के साथ मिलकर विमला को प्लॉट बेचने के लिए राजी कर लिया। रकम के लेनदेन के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की गामा-2 शाखा में उनका नया खाता खुलवाया गया। इसके बाद बेटी और दामाद ने बैनामे के बाद लौटाने की बात कहकर पासबुक अपने पास रख ली।


पासबुक मांगने पर टालते रहे आरोपी

विमला का आरोप है कि प्लॉट का सौदा होने के करीब दो से तीन महीने बाद जब उन्होंने अपनी पासबुक वापस मांगी तो दामाद नितिन बहाने बनाकर बात टालने लगा। बेटी कोमल से पूछने पर भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। दोनों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी पासबुक सुरक्षित है और खाते से कोई रकम नहीं निकाल सकता। लगातार टालमटोल करने पर विमला को शक हुआ और वह खुद बैंक पहुंचीं। यहां उन्हें पता चला कि उनके खाते में कोई रकम नहीं बची है। बैंक स्टेटमेंट की जांच कराने पर करीब 35 से 40 लाख रुपये ऑनलाइन निकाले जाने की जानकारी मिली।


रुपये वापस मांगने पर दी धमकी

विमला का आरोप है कि उनके बैंक खाते से रकम निकालने के लिए किसी तरह की सहमति नहीं ली गई थी। जब उन्होंने बेटी और दामाद से इस संबंध में बातचीत की और अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद विमला ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कोमल, नितिन, नवाब और नरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *