Breaking; नोएडा के गैरेज में लगी भीषण आग, कई कारें जलकर राख

top-news
नोएडा, फेस वन थाना क्षेत्र की घटना, दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

Noida: नोएडा के फेस वन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-6 में सोमवार सुबह एक कार गैरेज में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में गैरेज में खड़ी कई गाड़ियां चपेट में आ गईं। आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया। साथ ही गैरेज से सटे अन्य दुकानों और रिहायशी इलाकों को भी खाली कराया गया ताकि आग के और फैलने की संभावना को रोका जा सके।

दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से बुझा दिया। हालांकि तेज लपटों और धुएं के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस घटना में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, गैरेज में खड़ी कई कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। एक कार पूरी तरह राख में तब्दील हो चुकी है। प्राथमिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

जांच में जुटे पुलिस और दमकल अधिकारी
पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। चश्मदीदों के अनुसार, गैरेज से अचानक धुआँ निकलता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग की ऊँची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरे गैरेज को आग ने अपनी चपेट में ले लिया।







Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *