यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चलते नोएडा में बदले ट्रैफिक रूट, 24 से 29 सितंबर तक भारी वाहनों पर रोक, जानें डायवर्जन रूट

top-news
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। सुबह 7 से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। एक्सपो मार्ट पहुंचने और वापसी के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार किया है। पांच दिवसीय आयोजन में देश-विदेश से खरीदार, उद्यमी और वीवीआईपी पहुंचेंगे। इसे देखते हुए जिले में सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, आपातकालीन और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। आयोजन के दौरान जरूरत के मुताबिक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास कुछ मार्गों पर थोड़े समय के लिए डायवर्जन भी किया जा सकेगा।


एक्सपो मार्ट पहुंचने के लिए ये रास्ते रहेंगे निर्धारित

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से एक्सपो मार्ट आने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड होते हुए तिलपता गोलचक्कर, रामा मिल्क बार के पास सर्विस रोड तिराहा और गलगोटिया की ओर से निर्धारित पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। सूरजपुर और परीचौक की तरफ से आने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से भारत गोलचक्कर और नॉलेज पार्क-2 होकर एक्सपो मार्ट की ओर भेजा जाएगा। वहीं कासना, तिलपता और जीएसटी बंधा की तरफ से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर से ईस्टर्न कॉरिडोर के पास सर्विस रोड होते हुए जीएसटी बंधे से निर्धारित पार्किंग तक जाएंगे। प्रदर्शनी सामग्री लेकर आने वाले भारी ट्रकों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। ऐसे ट्रक शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साजिपुर गोलचक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर से रामपुर-फतेहपुर तिराहे के पास बनाई गई ट्रक पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।


कार्यक्रम खत्म होने के बाद इन रास्तों से निकलेंगे वाहन

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पार्किंग से निकलने वाले वाहनों को एक्सपो मार्ट की तरफ वापस नहीं जाने दिया जाएगा। उन्हें एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा, वेस्ट-2 और ककराला होते हुए सोरखा-पर्थला, किसान चौक या मंगरौली-हरोला-सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा। दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, साजीपुर गोलचक्कर, तिलवाड़ा गोलचक्कर और दादरी इंद्रापुरम होते हुए एनएच-24/09 तक पहुंचेंगे। मालवाहक वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट पर यू-टर्न लेकर एनएच-24/09 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जाएंगे। डीएनडी से आने वाले मालवाहक वाहन डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर इसी मार्ग से निकलेंगे। कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहन यमुना बॉर्डर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल से आगे जाएंगे।


विशेष परिस्थितियों में 13 मार्गों पर होगा डायवर्जन

ट्रेड शो के दौरान विशेष परिस्थितियों में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास यातायात को थोड़े समय के लिए वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। इसके लिए 13 रूट निर्धारित किए गए हैं। चिल्ला रेड लाइट से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहन सेक्टर-14आर फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक और सेक्टर-15 की ओर डायवर्ट होकर डीएससी मार्ग से जाएंगे। डीएनडी से आने वाले वाहन रजनीगंधा चौक, एमपी-01 और डीएससी मार्ग से आगे बढ़ेंगे। कालिंदी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर भेजा जाएगा। परीचौक से नोएडा जाने वाले वाहन सूरजपुर से डायवर्ट होकर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तरफ जाएंगे। सूरजपुर से परीचौक जाने वाले वाहनों को एलजी गोलचक्कर से 130 मीटर रोड की ओर भेजा जाएगा। पी-3 गोलचक्कर से परीचौक होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट जाने वाले वाहनों को स्वर्ण नगरी गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा से नोएडा जाने वाले वाहन चरखा गोलचक्कर से सेक्टर-94 और महामाया फ्लाईओवर होते हुए सेक्टर-37 की ओर निकलेंगे।


दिल्ली जाने वालों के लिए भी अलग रूट

आगरा से नोएडा आने वाले वाहनों के लिए जेवर टोल से पहले कस्बा जेवर की ओर उतरकर सावौता अंडरपास, खुर्जा बाइपास और पहाड़ीपुर होकर जाने का विकल्प रहेगा। एक अन्य रूट में आगरा की तरफ से आने वाले वाहनों को हरनंदी नदी कट से सेक्टर-151 की ओर डबल सर्विस रोड से भेजा जाएगा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय की ओर से फिल्मसिटी फ्लाईओवर होते हुए डीएनडी जाने वाले वाहन फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेकर डीएससी मार्ग और एलिवेटेड मार्ग से निकल सकेंगे। रजनीगंधा चौक से डीएनडी फ्लाईओवर के रास्ते दिल्ली जाने वाले वाहनों को डीएससी मार्ग से न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा। वहीं सेक्टर-15 और सेक्टर-14आर फ्लाईओवर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को फिल्मसिटी चौक से डायवर्ट कर डीएससी मार्ग और न्यू अशोक नगर बॉर्डर की ओर निकाला जाएगा। ट्रेड शो के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे से दिल्ली और जेवर टोल की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों को भी निर्धारित डायवर्जन का पालन करना होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आयोजन के दौरान निर्धारित रूट और यातायात व्यवस्था का पालन करें, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *