PM मोदी दुनिया के सबसे पॉपुलर नेता, इंस्टा पर 10 करोड़ फॉलोवर्स वाले सबसे बड़े नेता के तौर पर उभरे, ट्रंप से भी दोगुने फॉलोवर

top-news
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। वे इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले राजनीतिक नेता बने हैं। ट्रम्प समेत कई वैश्विक नेताओं को पीछे छोड़ते हुए उनकी डिजिटल लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इंस्टाग्राम पर उनके 100 मिलियन यानी 10 करोड़ फॉलोअर्स हो गए हैं। इस उपलब्धि के साथ वे दुनिया के पहले ऐसे राजनीतिक नेता बन गए हैं, जिन्होंने इस प्लेटफॉर्म पर 100 मिलियन का आंकड़ा पार किया है। खास बात यह है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या कई बड़े वैश्विक नेताओं के कुल फॉलोअर्स से भी ज्यादा है। 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़ने वाले पीएम मोदी ने पिछले एक दशक में अपनी डिजिटल मौजूदगी को लगातार मजबूत किया है। उनके अकाउंट पर देश-विदेश की यात्राओं, सरकारी कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों की झलक नियमित रूप से देखने को मिलती है, जिसे करोड़ों लोग फॉलो करते हैं। 


ट्रम्प समेत कई नेताओं से आगे, ग्लोबल लिस्ट में टॉप

इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी के फॉलोअर्स अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुने से भी ज्यादा हैं। ट्रम्प के 43.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उनके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के 15 मिलियन, ब्राजील के राष्ट्रपति Luiz Inácio Lula da Silva के 14.4 मिलियन और तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैय्यप एर्दोगन के 11.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन पांच बड़े नेताओं के कुल फॉलोअर्स भी पीएम मोदी के अकेले इंस्टाग्राम फॉलोअर्स से कम हैं। सोशल मीडिया एक्स (पूर्व ट्विटर) पर भी पीएम मोदी 106.2 मिलियन फॉलोअर्स के साथ आगे हैं। फेसबुक पर उनके 54 मिलियन और व्हाट्सएप चैनल पर 11.7 मिलियन फॉलोअर्स हैं।


2014 से 2026 तक: ऐसे बढ़ती गई डिजिटल ताकत

पीएम मोदी ने 12 नवंबर 2014 को इंस्टाग्राम जॉइन किया था। पहली पोस्ट म्यांमार में आयोजित आसियान समिट से जुड़ी थी। कुछ ही घंटों में उनके 50 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे। 2017-18 में उन्होंने 10 मिलियन का आंकड़ा पार किया। 2019 में दोबारा प्रधानमंत्री बनने के बाद फॉलोअर्स तेजी से बढ़े और 2020 तक यह संख्या 40 मिलियन पहुंच गई। कोविड-19 के दौरान साझा किए गए संदेशों ने उनकी डिजिटल पहुंच को और मजबूत किया। 2022 तक 70 मिलियन, 2023 में 80 मिलियन और जुलाई 2024 में 90 मिलियन फॉलोअर्स का माइलस्टोन पार हुआ। 2025 में उनका अकाउंट ग्लोबल इन्फ्लुएंसर्स की सूची में शामिल हुआ और अब 2026 में 100 मिलियन का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *