रायबरेली में राहुल गांधी का बड़ा हमला कहा- प्रधानमंत्री, गृहमंत्री गद्दार, इन्होंने संविधान को खत्म किया
- Shiv Kumar
- 20 May, 2026
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में भाजपा और RSS पर तीखा हमला बोला। लोधवारी गांव में आयोजित बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब RSS के कार्यकर्ता सामने आएं तो उनसे खुलकर कहिए कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन गद्दार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS ने संविधान की मूल भावना को खत्म करने का काम किया है। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और महंगाई आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ाएगी। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम तेजी से बढ़ेंगे। राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे थे और बुधवार दोपहर बाद अमेठी भी पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
संविधान और आरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा
सभा में राहुल गांधी ने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा कि यह सिर्फ किताब नहीं, बल्कि देश की आवाज है। उन्होंने कहा कि संविधान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, गुरु नानक, कबीर और भगवान बुद्ध के विचार शामिल हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार न्यायपालिका, मीडिया और शिक्षा संस्थानों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटीज में ऐसे लोगों को बैठाया जा रहा है जिन्हें इतिहास और भूगोल तक की जानकारी नहीं है। राहुल ने कहा कि आरक्षण और सामाजिक न्याय की व्यवस्था पर लगातार हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीरा पासी और अंबेडकर की विचारधारा का सम्मान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और संविधान की रक्षा करना देशवासियों का कर्तव्य है।
महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर जताई चिंता
राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारत पर भी पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से तेल और गैस की कीमतें तेजी से बढ़ सकती हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता पर बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, युवा और छोटे व्यापारी पहले से परेशान हैं और आने वाले समय में हालात और कठिन हो सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना और नोटबंदी के समय की तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर टीवी पर आकर सफाई देते नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि देश किसी एक संगठन या विचारधारा का नहीं, बल्कि सभी नागरिकों का है और लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता को आगे आना होगा।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस
राजनीतिक जानकार राहुल गांधी के लगातार रायबरेली और अमेठी दौरों को 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद यह राहुल गांधी का सातवां रायबरेली दौरा है। अमेठी के गौरीगंज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उनके साथ सांसद किशोरी लाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और विधायक आराधना मिश्रा मोना भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में नए महात्मा गांधी और अंबेडकर जनता के बीच से ही निकलेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






